भारत ने नेपाल को संसदीय चुनाव हेतु दिए 200 वाहन

अजय प्रसाद/जोगबनी

पड़ोसी देश नेपाल में इसी महीने संसदीय चुनाव हैं। भारत ने पड़ोसी राष्ट्र की चुनाव प्रक्रिया में मदद की है। भारत ने चुनाव प्रक्रिया के लिए नेपाल को 200 विभिन्न प्रकार के वाहन सौंपे हैं। मिली जानकारी अनुसार  20 नवंबर को होने वाले चुनावों के मद्देनजर नेपाल सरकार ने भारत से वाहनों की सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया था। एक आयोजित समारोह में नेपाल में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने भारत सरकार की ओर से 200 वाहनों को वित्त मंत्री जनार्दन शर्मा को उपहार के रूप में सौंपा गया है। 

भारतीय दूतावास ने अपने बयान में कहा कि 200 में से 120 वाहनों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों द्वारा किया जाएगा, जबकि शेष 80 वाहनों का इस्तेमाल नेपाल के चुनाव आयोग द्वारा किया जाएगा। ये वाहन चुनाव कराने के लिए देशभर में नेपाल के विभिन्न संस्थानों की रसद व्यवस्था को और बढ़ाने में उपयोगी साबित होंगे। इस बीच, नेपाली वित्त मंत्री जनार्दन शर्मा ने नेपाल के साथ विकास साझेदारी के रूप में निरंतर समर्थन के लिए भारत सरकार और लोगों को धन्यवाद दिया। 

आपको बता दें कि अब तक, भारत ने नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बलों को 2,000 वाहन प्रदान किए हैं। साथ ही नेपाली सेना और चुनाव आयोग को 400 और वाहन उपलब्ध कराए हैं। गौरतलब है कि भारत और नेपाल आपस में एक बहुआयामी और बहु-क्षेत्रीय विकास साझेदारी रखते हैं। यह दोनों देशों की निकटता को दर्शाता है। दोनों देशों के संबंध से लॉजिस्टिक व्यवस्था का विस्तार लोगों के विकास में योगदान के लिए भारत सरकार हमेशा समर्थन करती है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *