मिसाइल मैन डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की 91 वीं जयंती पर विशेष

राकेश बिहारी शर्मा – ‘सपने वे नहीं होते, जो आपको रात में सोते समय नींद में आए बल्कि सपने वे होते हैं, जो रात में सोने ही न दें।’ ऐसी बुलंद सोच रखने वाले ‘मिसाइलमैन’ अवुल पाकिर जैनुल्लाब्दीन अब्दुल कलाम (एपीजे अब्दुल कलाम) भारतीय मिसाइल प्रोग्राम के जनक कहे जाते हैं। जब कलाम ने देश के सर्वोच्च पद यानी 11वें राष्ट्रपति की शपथ ली थी तो देश के हर वैज्ञानिक का सर फख्र से ऊंचा हो गया था। वे ‘मिसाइलमैन’ और ‘जनता के राष्ट्रपति’ के रूप में लोकप्रिय हुए।

संयुक्‍त राष्‍ट्र संगठन ने वर्ष 2010 से डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम के शिक्षा और छात्रों के लिए उनके प्रयासों को स्‍वीकारते हुए उनकी जन्‍म तिथि 15 अक्‍टूबर को ‘विश्व छात्र दिवस’ के तौर पर मनाने की घोषणा की थी। तब से हर साल 15 अक्‍टूबर को छात्र इसे एक जश्‍न के तौर पर मनाते आ रहे हैं। कलाम जी एक वैज्ञानिक और एक इंजिनियर के रूप में विख्यात है। कलाम जी ने हमेशा अपनी ज्ञान और शिक्षा के माध्यम से छात्रो से जुड़े रहे और उनके भाषण, वो खुद छात्रो के लिए एक प्रेरणा थे। अब्दुल कलाम जी विद्यार्थियों के बीच बहुत ही ज्यादा लोकप्रिय थे। उनका व्यवहार, आचरण और उनके द्वारा दिया जाने वाला भाषण सबको प्रभावित करता था।

आज मिसाइल मैन एपीजे अब्दुल कलाम जी की 91वीं जयंती है। प्रख्यात वैज्ञानिक, अभियंता, श्रेष्ठ शिक्षक, भारत रत्न से सम्मानित देश के पूर्व ग्यारहवें राष्ट्रपति एवं मिसाइल मैन एपीजे अब्दुल कलाम का देश हमेशा आभारी रहेगा। भारत को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने का सपना देखने वाला ये कर्मवीर योद्धा मरते दम तक देश के लिए काम करते रहे एवं आखिरी क्षणों में भी विद्यार्थियों व बच्चों को हमेशा से अपने ओजस्वी भाषण से प्रेरित करते रहे।आज से छह साल पहले 27 जुलाई 2015 को उनका निधन मेघालय के शिलांग में हुआ था। यहां वे एक कॉलेज लेक्चर देने गए थे। मशहूर वैज्ञानिक अब्दुल कलाम आईआईएम शिलॉन्ग में लेक्चर दे रहे थे तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ा, आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अफसोस डॉक्टरों की टीम उन्हें बचा नहीं सकी। 83 वर्ष की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कहा था।
एपीजे अब्दुल कलाम कहते थे – ‘मैं शिक्षक हूं और इसी रूप में पहचाना जाना चाहता हूं।’ और सचमुच अपनी अंतिम श्वास लेते समय वे विद्यार्थियों के बीच ही तो थे एक शिक्षक के रूप में। वे हमारी आंखों में आंसू नहीं, स्वप्न देखना चाहते थे। वे कहा करते थे- ‘सपने वे नहीं होते जो सोते वक्त आते हैं, बल्कि सपने तो वे होते हैं जो कभी सोने ही नहीं देते।’ युवाओं के बूते देश में नई क्रांति लाने का उनका यह ध्येय नवीन भारत की आधारशिला थी। सचमुच डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जैसा व्यक्तित्व का इस धरती पर जन्म लेना भारत के लिए गौरव की बात है।

See also  खरिपातील कापसावर थ्रिप्स तर सोयाबीन वर लष्करी अळीचा हल्ला ;बळीराजा हवालदिल !

एक बार डॉ. कलाम जब स्कूल के बच्चों को लेक्चर दे रहे थे तभी बिजली में कुछ गड़बड़ी हो गई।डॉ. कलाम उठे और सीधा बच्चों के बीच चले गए और उन्हें घेरकर खड़े हो जाने के लिए कहा। इस तरह से उन्होंने लगभग चार सौ बच्चों के साथ बिना माइक के संवाद किया। राष्ट्रपति बनने के कुछ दिन बाद वो किसी इवेंट में शरीक होने केरल राजभवन त्रिवेंद्रम गए। उनके पास अपनी तरफ से किन्हीं दो लोगों को बुलाने का अधिकार था, और आप जानकर हैरान होंगे कि उन्होंने किसे बुलाया – एक मोची को और एक छोटे से होटल के मालिक को। दरअसल, डॉ. कलाम बतौर वैज्ञानिक काफी समय त्रिवेंद्रम में रहे थे, और तभी से वे इन लोगों को जानते थे, और किसी नेता या सेलेब्रिटी की बजाए उन्होंने आम लोगों को महत्व दिया। ऐसी ऊँची सोच रखने वाले ‘मिसाइलमैन’ अवुल पाकिर जैनुल्लाब्दीन अब्दुल कलाम भारतीय मिसाइल प्रोग्राम के जनक कहे जाते हैं।

अब्दुल कलाम के विचार आज भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। एक मछुआरे का बेटा ट्रेन के द्वारा फेंके गए अखबारों के बंडल को सही करके वितरण करने के बाद स्कूल जाया करता था। बचपन में अखबार बांटने वाला वही बच्चा अपने जीवन में ऐसी ऊंचाई छू लेता है कि वो एक दिन दुनिया के समस्त अखबारों की सुर्खियां बटोरता नजर आता है। वास्तव में डॉ. कलाम का जीवन, समाज के अंतिम व्यक्ति के राष्ट्र का प्रथम नागरिक बनने की एक प्रेरणादायक कहानी है। भारत के पूर्व राष्ट्रपति, मिसाइलमैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जन्म 15 अक्टूबर 1931 को रामेश्वरम्-तमिलनाडु के एक गरीब परिवार में हुआ था।

एपीजे अब्दुल कलाम का पूरा नाम अबुल पाकिर जैनुलाबदीन अब्दुल कलाम मसऊदी था। शुरुआती शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने फिजिक्स और विज्ञान से जुड़े अन्य विषयों का अध्ययन किया। उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट योगदान के लिए भारत के नागरिक सम्मान के रूप में 1981 में पद्मभूषण, 1990 में पद्मविभूषण तथा 1997 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से भी सम्मानित किया गया था। कलाम ऐसे तीसरे राष्ट्रपति रहे हैं जिन्हें ‘भारतरत्न’ का सम्मान राष्ट्रपति बनने से पूर्व ही प्राप्त हुआ है, अन्य दो राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन और डॉक्टर जाकिर हुसैन हैं। ये प्रथम वैज्ञानिक थे, जो राष्ट्रपति बने थे और प्रथम राष्ट्रपति भी रहे हैं, जो अविवाहित थे। अब्दुल कलाम एक राष्ट्रपति के अलावा वे एक आम इंसान के तौर पर वे युवाओं की पहली पसंद और प्रेरक रहे हैं।

See also  नशे की लत से बर्बाद हो रहा युवा वर्ग : डा. आशुतोष मानव

उनकी बातें, उनका व्यक्तित्व, उनकी पहचान न केवल एक राष्ट्रपति के रूप में हैं बल्कि जब भी लोग खुद को कमजोर महसूस करते हैं, कलाम का नाम ही उनके लिए प्रेरणा बन जाता है। भारत रत्न एपीजे अब्दुल कलाम जी बहुमुखी प्रतिभा के धनी तथा विलक्षण व्यक्तित्व का स्वामी थे। डॉक्टर कलाम साहब भारतीयता के आदर्श थे। यूं तो डॉक्टर अब्दुल कलाम जी राजनीतिक क्षेत्र के व्यक्ति नहीं थे। लेकिन राष्ट्रवादी सोच और राष्ट्रपति बनने के बाद भारत की कल्याण संबंधी नीतियों के कारण इन्हें कुछ हद तक राजनीतिक दृष्टि से सम्पन्न माना जाता है।

अपने इस मिसाइलमैन को भारत सरकार के पद्मभूषण और भारत रत्न देकर इन सम्मानों की ही गरिमा बढ़ाई है। वे कहते थे मैं शिक्षक हूँ और इसी रूप में पहचाना जाना चाहता हूँ और सचमुच 27 जुलाई 2015 को अपनी अंतिम साँसे लेते समय वे विद्यार्थियों के बीच ही तो थे, एक शिक्षक के रूप में। कलाम साहब ने ही 2009 में चंद्रयान की नींव रखी थी। उन्होंने ही ISRO के वैज्ञानिकों को चंद्रयान -2 मिशन पर काम शुरू करने के लिए कहा था। कलाम साहब आज हमारे बीच नहीं है लेकिन वो जहां भी होंगे आज बहुत खुश होंगे। कलाम सही मायने में एक ‘जनता के राष्ट्रपति’ थे, जिन्होंने हर भारतीय विशेषकर युवाओं को अपना समर्थन दिया। वे सादगी, ईमानदारी और समझदारी के प्रतीक थे।

डॉ. कलाम का मानवीय पक्ष बहुत मज़बूत था

डॉ. कलाम का विचार इतना नेक की अपने परिवार को राष्ट्रपति भवन में ठहराने के लिए साढ़े तीन लाख का चेक काटा। डॉ. कलाम को अपने बड़े भाई एपीजे मुत्थू मराइकयार से बहुत प्यार था। लेकिन उन्होंने कभी उन्हें अपने साथ राष्ट्रपति भवन में रहने के लिए नहीं कहा। उनके भाई का पोता ग़ुलाम मोइनुद्दीन उस समय दिल्ली में काम कर रहा था जब कलाम भारत के राष्ट्रपति थे। लेकिन वो तब भी मुनिरका में किराए के एक कमरे में रहते थे। एक बार एपीजे अब्दुल कलाम राष्ट्रपति भवन में मई 2006 में कलाम ने अपने परिवार के करीब 52 लोगों को दिल्ली आमंत्रित किया. ये लोग आठ दिन तक राष्ट्रपति भवन में रुके थे। कलाम ने उनके राष्ट्रपति भवन में रुकने का किराया अपनी जेब से दिया था।

See also  लोकशक्ति विकास पार्टी द्वारा घोषित

यहाँ तक कि एक प्याली चाय तक का भी हिसाब रखा गया। वो लोग एक बस में अजमेर शरीफ़ भी गए जिसका किराया कलाम ने भरा। उनके जाने के बाद कलाम ने अपने अकाउंट से तीन लाख बावन हज़ार रुपयों का चेक काट कर राष्ट्रपति भवन कार्यालय को भेजा। दिसंबर 2005 में उनके बड़े भाई एपीजे मुत्थू मराइकयार, उनकी बेटी नाज़िमा और उनका पोता ग़ुलाम हज करने मक्का गए। जब सऊदी अरब में भारत के राजदूत को इस बारे में पता चला तो उन्होंने राष्ट्रपति को फ़ोन कर परिवार को हर तरह की मदद देने की पेशकश की। कलाम का जवाब था, ‘मेरा आपसे यही अनुरोध है कि मेरे 90 साल के भाई को बिना किसी सरकारी व्यवस्था के एक आम तीर्थयात्री की तरह हज करने दें ।

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वारा रचित ये पुस्तकें हैं :- 1. इंडिया 2020: ए विजन फॉर द न्यू मिलेनियम 2. विंग्स ऑफ फायर: एन ऑटोबायोग्राफी 3. इगनाइटेड माइंड्स: अनलीजिंग द पॉवर विदिन इंडिया 4. द ल्यूमिनस स्पार्क्स: ए बायोग्राफी इन वर्स एंड कलर्स 5. गाइडिंग सोल्स: डायलॉग्स ऑन द पर्पस ऑफ लाइफ 6. मिशन ऑफ इंडिया: ए विजन ऑफ इंडियन यूथ 7. इन्स्पायरिंग थॉट्स: कोटेशन सीरिज 8. यू आर बोर्न टू ब्लॉसम: टेक माई जर्नी बियोंड 9. द साइंटिफिक इंडियन: ए ट्वेंटी फर्स्ट सेंचुरी गाइड टू द वर्ल्ड अराउंड अस 10. फेलियर टू सक्सेस: लीजेंडरी लाइव्स 11. टारगेट 3 बिलियन 12. यू आर यूनिक: स्केल न्यू हाइट्स बाई थॉट्स एंड एक्शंस 13. टर्निंग पॉइंट्स: ए जर्नी थ्रू चैलेंजेस 14. इन्डोमिटेबल स्प्रिट 15. स्प्रिट ऑफ इंडिया 16. थॉट्स फॉर चेंज: वी कैन डू इट 17. माई जर्नी: ट्रांसफॉर्मिंग ड्रीम्स इन्टू एक्शंस 18. गवर्नेंस फॉर ग्रोथ इन इंडिया 19. मैनीफेस्टो फॉर चेंज 20. फोर्ज योर फ्यूचर: केन्डिड, फोर्थराइट, इन्स्पायरिंग 21. बियॉन्ड 2020: ए विजन फॉर टुमोरोज इंडिया 22. द गायडिंग लाइट: ए सेलेक्शन ऑफ कोटेशन फ्रॉम माई फेवरेट बुक्स 23. रिग्नाइटेड: साइंटिफिक पाथवेज टू ए ब्राइटर फ्यूचर 24. द फैमिली एंड द नेशन 25. ट्रांसेडेंस माई स्प्रिचुअल एक्सपीरिएंसेज इत्यादि है।

देश के पहले कुंवारे राष्ट्रपति कलाम का हेयर स्टाइल अपने आप में अनोखा था, और एक राष्ट्रपति की आम भारतीय की परिभाषा में फिट नहीं बैठता था। लेकिन देश के वह सर्वाधिक सम्मानित व्यक्तियों में से एक थे जिन्होंने एक वैज्ञानिक और एक राष्ट्रपति के रूप में अपना अतुल्य देकर देश सेवा की। ऐसे स्वर्णिम भारत की कल्पना करने वाले भारत के महान वैज्ञानिक एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति ‘मिसाइल मैन’ डॉ. ए.पी.जे अब्दुल कलाम जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।

Leave a Comment